Saturday, January 15, 2011

आगरा यातायात

आगरा के सम्मानित भाइयों और बहनों,

आगरा पूरी दुनिया में सुविख्यात है ताजमहल के लिए।
यह हमारे शहर का महान गौरव है जो लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है.
पर्यटकों के लिये तमाम सुविधाओं का इंतज़ाम किया गया है लेकिन आने वाले टूरिस्टों को हमारी बहुत सी कमियां भी दिखती होंगी.
सबसे पहले दिखने वाली कमी है हमारा यातायात.
आइए, आगरा को यातायात की दृष्टि से भी सुविख्यात करने का अभियान शुरू करते हैं।
यहां मैं कोई सुझाव आपको नहीं दे रहा हूं।
सुझाव तो मुझे आपसे लेने हैं।
हां, मैं आपसे यह प्रार्थना जरूर करना चाहता हूं कि हर कदम पर आपका सहयोग चाहिए।
तो आज से ही तय कर लें कि किसी भी सूरत में यातायात के नियमों का उल्लंघन नहीं करेंगे।
मसलन लाल बत्ती को जम्प नहीं करेंगे।
स्टॉप लाइन से पीछे रुकेंगे।
गति सीमा का पालन करेंगे।
दुपहिया पर हैं, तो हेलमेट पहनेंगे।
कार में हैं, तो सीट बेल्ट बांधेंगे।
निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करेंगे।
इसके लिए दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।
इसमें कुछ खर्च नहीं होना है।
आपके जरा से सहयोग से परिवर्तन शुरू हो जाएगा।
और हां, यातायात सुधार के लिए आपके अमूल्य सुझावों का सदैव स्वागत है।
आपका
असीम अरुण
डीआईजी, आगरा

Thursday, December 2, 2010

अब आप बताइए पुलिस क्या करे?

हाल के दिनों में गोरखपुर पुलिस की सेवा १०० पर नागरिकों की अधिसंख्य शिकायतें रात में डी जे आदि बजा कर शोर मचाने की आ रही हैं. अभी तक पुलिस की मोटर साइकिल मोबाइल (गश्ती इकाई) जा कर आवाज़ कम करा आती थी, लेकिन महसूस किया गया कि ज़्यादातर लोग थोड़ी देर बाद फिर आवाज़ बढ़ा लेते हैं और शिकायतकर्ता फिर १०० नंबर पर फोन करता है. इसलिए तय किया गया कि अब केवल आवाज़ कम नहीं कराई जायेगी बल्कि कानूनी कार्यवाही भी की जायेगी ताकि समस्या का पूर्ण हल निकाला जा सके.

तयशुदा नीति पर चलते हुए पुलिस अब ध्वनि प्रदूषण करने वालों पर एफ आई आर दर्ज कर गिरफ्तारियां कर रही है और उपकरणों को ज़ब्त भी कर रही है.

लेकिन पुलिस के काम में हमेशा यह मुश्किल रहती है कि जब कानून को लागू करे (प्रवर्तन करे) तो प्रभावशाली लोग प्रभाव डालना शुरू कर देते हैं... जैसे कि, अरे जाने दीजिए लोग मज़े कर रहे हैं, आपको क्या प्रॉब्लम है?

१० बजे से सुप्रीम कोर्ट ने प्रतिबन्ध लगाया है अभी तो केवल १०.३० बजे हैं. कार्यक्रम में मंत्री जी हैं, अरे जाने दीजिए!!!
अब आप ही बताइए पुलिस को इस स्तिथि से कैसे डील करना चाहिये?

असीम अरुण

Sunday, November 21, 2010

Heathrow, 2006

गोरखपुर का हेरिटेज अब youtube पर

आज का दिन (19.11.2010) गोरखपुर ने नौजवानों के लिये महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा.

सिटी १ न्यूज़ चैनल के अमित वर्मा व जोइंट मजिस्ट्रेट नवीन कुमार के साझा प्रयास से गोरखपुर की heritage sites के गौरव को सबके सामने प्रस्तुत करने के लिये youtube.com पर छोटी छोटी फ़िल्में बनाकर अपलोड की गयी हैं.

आप इन प्यारी फिल्मों का दर्शन इस लिंक को क्लिक करके कर सकते हैं...

http://www.youtube.com/gorakhpurheritage

मुझे आज इनका लोकार्पण करते हुए बहुत खुशी हुई और आभास हुआ कि कैसे हमारे गोरखपुर को नई पीढ़ी (नागरिको व प्रशासकों की) नई राह दिखाएगी और साइबर स्पेस में धूम जमाएगी.

इस शुरुआत को आगे बढाते हुए हम सोचे कि किस तरह हम knowledge management (KM) का प्रयोग करते हुए जनपद के लिये क्या contribute कर सकते हैं.

मेरे मन में आता है कि हम विकिपीडिया और विकिमैपिया का प्रयोग करें और गोरखपुर के विषय में विकी पेज बनायें (हिंदी और इंग्लिश में).

आपके मन में क्या ख्याल आते हैं? हम इन्टरनेट का सदुपयोग कैसे करें? अपने सुझाव दें... हम साथ मिलकर नई राहें खोज सकते हैं.

असीम अरुण

Saturday, March 7, 2009

सुझाव देकर कृतार्थ करें

आगरा पुलिस कई मोर्चों पर काम कर रही है। इसमें आपके सहयोग की बहुत जरूरत है। कृपया हमें अपने बहुमूल्य सुझाव देकर कृतार्थ करें। हम आपके आभारी रहेंगे।

आपका

असीम अरुण

डीआईजी आगरा

Monday, March 2, 2009

सेवा 100

पीड़ित करे पुकार जहाँ

पुलिस पहुंचे तत्काल वहाँ

सेवा 100 एक ऐसी सुविधा है जो हर किसी को राहत देती है।

अगर आपका बालक परीक्षा दे रहा है और बाहर शोर मच रहा है तो 100 नंबर डायल कीजिए।

आप बीमार हैं और शोरगुल की समस्या है तो भी 100 नंबर डायल कीजिए।

आपातकाल में तो यह सेवा कमाल कर ही रही है।

दुर्घटना के समय सेवा 100 की गति कई बार परखी जा चुकी है।

सेवा 100 हर बार खरी साबित हुई है।
गोरखपुर पुलिस आपकी सेवा के लिए सदैव तत्पर है।

हमें आप सेवा का मौका देंगे तो अत्यंत खुशी होगी।

ये शहर हम सबका है।

आपकी सेवा हमारा घर्म है।

सादर,
असीम अरुण,

डीआईजी, गोरखपुर

Sunday, June 29, 2008

पुलिस से दोस्ती कीजिए


पुलिस । भय का प्रतीक बन चुकी है पुलिस । कहा जाता है कि पुलिस वालों की न दोस्ती अच्छी और न ही दुश्मनी। यह सिक्के का एक पहलू है। सिक्के का दूसरा पहलू शायद कभी आपने नहीं देखा है। खाकी वर्दी से पीछे भी एक श्रेष्ठ पिता, एक रक्षक भाई और एक आज्ञाकारी बेटा होता है।
एक पुलिस अधिकारी होने के नाते सिक्के के दोनों पहलुओं से भलीभांति वाकिफ हूँ। आप कितना जानते हैं पुलिस को ? क्या कभी आप थाने गए है और वहां आपको आदरपूर्वक बैठाया गया है? क्या आपकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है ? पुलिस वाले को कोई सूचना दी तो उसे गंभीरता से किया गया है ? क्या आप चाहते हैं कि किसी पुलिस वाले को शाबासी दी जाए?
मैं आज से, अभी से आपसे दोस्ती करना चाहता हूँ । अपने लिए, आपके लिए, समाज के लिए और हम सबके लिए। पुलिस को आपका सबसे प्यारा दोस्त बनाना चाहता हूँ। ऐसा दोस्त जो सुख-दुःख में आपके साथ खड़ा है।
तो देर किस बात की? आप अपने खट्टे- मीठे अनुभव मेरे साथ बाँटिये। पुलिस के बारे में जो भी विचार आता है, जो भी आपने अनुभव किया है, जो आपने भोगा है, जो आपने देखा है, मुझे लिखिए।
हाँ, आगरा शहर के समेकित विकास, यातायात सुधार , सफाई, जलभराव आदि के सम्बन्ध में सुझाव भी दीजिये। यकीन मानिये, आपके हर सुझाव का तहेदिल से स्वागत होगा।
मैं यह दावा नहीं करता कि सब कुछ बदल दूंगा, लेकिन कुछ न कुछ बदलाव जरूर होगा।
ब्लॉग शुरू करने से पीछे उद्देश्य भी यही है।
दुष्यंत के शब्दों में ....
वे मुतमईन हैं कि पत्थर पिघल नहीं सकता,
मैं बेकरार हूँ आवाज में असर के लिए ।

जय हिंद।
असीम अरुण
डी.आई.जी. आगरा